ऐश्वर्या और आराध्या अस्पताल से डिस्चार्ज, शेयर किया एक खास पोस्ट
ऐश्वर्या ने बेटी आराध्या के साथ फैंस का शुक्रिया अदा किया

मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन और उनकी बेटी आराध्य बच्चन की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। साथ ही दोनों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। घर वापसी के साथ ही ऐश्वर्या ने एक खास पोस्ट शेयर किया है।
ऐश्वर्या राय बच्चन वैसे तो सोशल मीडिया से थोड़ा दूर ही रहती हैं। लेकिन हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होते ही उन्होंने अपने फैंस के लिए एक पोस्ट शेयर किया है। इस पोस्ट में उन्होंने बेटी आराध्या के साथ फैंस का शुक्रिया अदा किया है। ऐश्वर्या राय ने अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में वह बेटी के साथ हाथ जोड़कर और दिल बनाए नजर आ रही हैं।
वहीं इसे पोस्ट करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘आप सभी की दुआओं के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया। मुझे, एंजेल आराध्या, एबी यानी अभिषेक और पा यानी अमिताभ के लिए आप सभी ने जो भी चिंता जताई हमारे लिए प्रार्थना की। उन सभी के लिए दिल से शुक्रिया। भगवान आप सभी पर भी अपनी कृपा बनाए रखें। आपके और आपके परिवार वालों के लिए मेरा प्यार। सुरक्षित रहिए, आप सभी को प्यार।’
वहीं अभिषेक बच्चन ने भी ट्वीट कर फैंस का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, आपकी निरंतर प्रार्थना और शुभकामनाओं के लिए आप सभी का धन्यवाद। हमेशा के लिए प्रेरित। ऐश्वर्या और आराध्या की टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। वे अब घर पर हैं। मैं और मेरे पिता मेडिकल स्टाफ की देखरेख में अस्पताल में हैं।