
आरंग: पुलिस ने मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम बहानाकाड़ी के रहने वाले एक शख्स को दुष्कर्म मामले में गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार आरंग थाना क्षेत्र की 28 साल की एक शादीशुदा महिला ने आरंग थाना में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तारी के डर से फरार हो गया था।
बताया गया कि पीड़िता की पहली बार मुलाकात जगत से एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। आरोपी उसे अपने आप को पत्रकार और फिल्म डायरेक्टर बताता था। जिसके बाद उन दोनों की अच्छी जान पहचान हो गई। आरोपी ने महिला को शादी करने का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म किया। आरोपी खुद शादीशुदा है और अपने परिवार के साथ बहानाकाड़ी में ही रहता था।
इस मामले में माना सीएसपी लालचंद मोहले ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस लगातार आरोपी की पतासाजी में लगी हुई थी। जिसके बाद गुरुवार को उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 366, 376 और 506 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।