कोतरा रोड रेल्वे फाटक ओव्हर ब्रिज का भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न
मंत्री उमेश पटेल व विधायक प्रकाश नायक की उपस्थिति में हुआ आयोजन

हिमालय मुखर्जी ब्यूरो चीफ रायगढ़
रायगढ़। उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल व रायगढ़ के युवा विधायक प्रकाश नायक की उपस्थिति में शुक्रवार की शाम शहर की बहुप्रतिक्षित कोतरा रोड़ ओव्हर ब्रिज का भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। 7077.58 लाख की लागत से इस ओव्हर ब्रिज का निर्माण कार्य 2 वर्षों में पूरा होगा। कोतरा रोड़ रेल्वे फाटक बाईपास में इस ओव्हर ब्रिज के बनने से शहरवासियों की बडी समस्या दूर हो जायेगी। यहां ट्रैफिक की समस्या से जूझ रहे लोगों को निजात मिल सकेगी।
शहरवासियों की ओर से लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी जो अब जाकर पूरी हो सकेगी। शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल व रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक द्वारा विधिवत नारियल फोडकर इसका शिलान्यास किया गया।
इस मौके पर प्रमुख रूप से रायगढ़ नगर निगम की महापौर जानकी काटजू, जिला पंचायत रायगढ़ अध्यक्ष निराकार पटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल शुक्ला, वार्ड पार्षद श्याम लाल साहू, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अजय प्रताप, विधायक प्रतिनिधि राजेश भारद्वाज, गौतम महापात्रे, सहित बडी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।