तेज बहाव में बालक बहा, देर रात गोताखोर व पुलिस की ड्यूटी लगाई गई
मनीष शर्मा:

मुंगेली: आगर नदी में 4थी कक्षा का बालक के बह जाने से पुलिस एवं गोताखार देर रात्रि तक तलाश करते रहे। समाचार लिखे जाने तक नदी में बहे बालक की कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। एनीकट के पास पुलिस के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार एण्ड्रुज वार्ड डिलवापारा निवासी सागर साहू उम्र 9 वर्ष पिता तेजउ साहू अपने मित्रों के साथ नगर में गणेश देखने निकला था। नदी में बाढ़ आने की बात की जानकारी होने पर सागर अपने दोस्तों के साथ शाम 4.30 बजे बड़ा बाजार से जिला अस्पताल जाने वाली एनीकट के पास पहुंचा।
उस समय एनीकट के ऊपर लगभग 2 फीट पानी चल रहा था। अपने साथी को छोड़कर बालक कुछ दूर एनीकट पर चला गया। जिससे वह बहने लगा। बहते हुए वह नदी में जा गिरा। दोस्त को बहते हुए देखकर बालक रोते हुए नदी से वापस जा रहा था।
रोते हुए बच्चे को देखकर मोहल्ले वालों ने पूछताछ की। बच्चे ने मोहल्ले वालों को उसके दोस्त के नदी में बह जाने की जानकारी दी। घटना पर मोहल्ले वालों एवं उपस्थित नागरिकों ने पार्षद सोम वर्मा को सूचना दी। जनप्रतिनिधियों ने घटना की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी।
इसके पश्चात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर निरीक्षक के साथ पुलिस की टीम गोताखारों के साथ नदी में बहे बालक की तलाश में देर रात तक जुटी रही। घटना को सुन बड़ी संख्या में नागरिक नदी के किनारे खड़े होकर जानकारी लेते रहे।