कलेक्टर ने विकासखण्ड कुनकुरी के धान खरीदी केन्द्र नारायणपुर का किया निरीक्षण
उर्पाजन केन्द्र में बारदाना भण्डारण एवं धान उठाव के संबंध में ली जानकारी

केंद्र में अब तक 436 किसानों द्वारा कुल 21448.40 क्विन्टल धान किया गया है विक्रय
जशपुरनगर 27 जनवरी 2021 : कलेक्टर महादेव कावरे ने आज विकासखंड कुनकुरी के आदिम जाति सहकारी मर्यादित धान खरीदी केन्द्र नारायणपुर का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने उर्पाजन केन्द्र में अब तक हुए धान खरीदी, टोकन वितरण, बारदाना उपलब्धता, धान उठाव एवं राशि भुगतान के सम्बंध में प्रबंधक से जानकारी ली। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के.एस. मंडावी, अनुविभागीय अधिकारी कुनकुरी रवि राही सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर ने केंद्र में बारदाने की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए धान भण्डारण एवं नमी परीक्षण का भी निरीक्षण किया। समिति प्रबंधक नारायणपुर ने बताया कि केंद्र में अब तक 436 किसानों का कुल 21448.40 क्विन्टल धान की खरीदी की गई है। उन्होंने बताया कि केंद्र में आज खरीदी के लिये 20 एवं कल के लिए 12 टोकन जारी किया गया है। केंद्र में अभी धान खरीदी के लिए 4303 बारदाना उपलब्ध है एवं केंद्र में फरवरी माह के पीडीएस के लगभग 2000 बारदाने जमा किया गया है।
केंद्र से अब तक लगभग 46 प्रतिशत 9540 क्विन्टल धान का उठाव कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था है एवं सभी किसानों को धान विक्रय के लिये पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराया जा रहा है। कलेक्टर कावरे ने मौसम को ध्यान में रखकर भंडारित धान पर केप कवर, प्लास्टिक सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश समिति प्रबंधकों को दिए।