कलेक्टर नम्रता गाँधी ने धान खरीदी को लेकर ली विशेष बैठक
कलेक्टर नम्रता गांधी ने विगत दिवस कलेक्ट्रेट परिसर के अरपा सभा कक्ष में धान खरीदी के संबंध में विशेष बैठक ली है।

संवाददाता :- सुमित जालान
गौरेला पेंड्रा मरवाही : कलेक्टर नम्रता गांधी ने विगत दिवस कलेक्ट्रेट परिसर के अरपा सभा कक्ष में धान खरीदी के संबंध में विशेष बैठक ली है। बैठक के माध्यम से उन्होंने जिन किसानों के टोकन काटे जा चुके हैं, उनसे 2 बजे तक अपने धान, धान खरीदी केंद्रों में लाने की अपील की है जिससे की तौल-बाट के कार्यों में किसी भी प्रकार की परेशानियां ना हो। इसके साथ ही उन्होंने सभी किसानों से अपील की है कि सभी किसान अपने ऋण पुस्तिका के साथ स्वयं धान खरीदी केंद्रों में धान लेकर आएं,जिससे कि वास्तविक किसानों को लाभ पहुंचाया जा सके।
कलेक्टर ने लघु एवं सीमांत कृषकों के धान एक ही टोकन में काटे जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी धान खरीदी केंद्रों में धान आवक पंजी, खरीदी पंजी, जावक पंजी, बारदाना पंजी, निरीक्षण पंजी, रेक का रजिस्टर, शिकायत पुस्तिका, नया बारदाना, पुराना बारदाना, डीओ कितने कटे, धान के उठाव हुआ इत्यादि जानकारियों को उपयुक्त रीति से संधारित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों के जिस दिन के टोकन काटे जाते हैं, उनकी सिलाई, तोल, खरीदी इत्यादि कार्य उसी दिन किए जाएं जिससे कि अगले दिन के लिए अव्यवस्था निर्मित ना हो।
बैठक में उन्होंने धान खरीदी कार्य से जुड़े हुए समिति को पटवारी, आरएईओ से समन्वय करते हुए मैन्युअल टोकन पंजी संधारित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही किसानों के टोकन काटे जाने के दिवस की जानकारी पोस्टर, बैनर इत्यादि के माध्यम से उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने कहा
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी कार्य में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी समितियों को सुव्यवस्थित ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए हैं साथ ही कहा कि समिति का कार्य किसानों के हित में कार्य करना है। कलेक्टर ने अंतरराज्यिय धान की आवक पर सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के कोच्चिया-बिचौलियों द्वारा धान नहीं खरीदे जाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही बैठक में सभी राइस मिलर्स से मिलिंग क्षमता के अनुसार उठाव नहीं होने के कारण की जानकारी ली गई। साथ ही नवगठित जिले में प्रथम धान खरीदी को ध्यान में रखते हुए सभी मिलर्स को समय पर धान उठाव कराने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में अपर कलेक्टर बी सी एक्का, खाद्य अधिकारी मिश्रा, सहित विभिन्न अधिकारी, राइस मिलर्स,समिति प्रबंधक, फड प्रभारी आदि उपस्थित थे।