दिव्यांगों को मिलेंगे 2 करोड़ के सहायक उपकरण,सांसद साव की पहल पर भारत सरकार ने दी स्वीकृति
लंबे अरसे से सहायक उपकरणों की बाँट जोह रहे जिले के करीब 18 सौ दिव्यांगों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक अच्छी खबर है।

ब्यूरो चीफ : विपुल मिश्रा
बिलासपुर : लंबे अरसे से सहायक उपकरणों की बाँट जोह रहे जिले के करीब 18 सौ दिव्यांगों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक अच्छी खबर है। सांसद अरुण साव के प्रयासों के फलस्वरूप भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की एडिप व राष्ट्रीय वयोश्री योजनांतर्गत उन्हें करीब 2 करोड़ 4 लाख रुपए की लागत के कुल 3380 सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा। इसके लिए 17 दिसम्बर को दोपहर 1 बजे स्थानीय जलसंसाधन परिसर स्थित प्रार्थना भवन में कार्यक्रम आयोजित है।
राष्ट्रीय वयोश्री योजना
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने एडिप योजना के तहत जिले के 1162 दिव्यांगजनों का चयन किया था। साथ ही राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत जिले के 623 वरिष्ठ नागरिकों का चयन किया गया था। इन्हें कुल 2 करोड़ 4 लाख रुपए की लागत के करीब 3380 विभिन्न सहायक उपकरण दिलाने विभाग की ओर से भारत सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था।
तात्कालिन कलेक्टर एवं वर्तमान कमिश्नर डाॅ. संजय अलंग ने उक्त संबंध में सांसद साव को जानकारी देते हुए केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डाॅ. थावरचंद गहलोत से इस मामले में चर्चा करने का अनुरोध किया था। संसद के मानसून सत्र के दौरान ही साव ने केन्द्रीय मंत्री गहलोत से भेंट कर जिले के चयनित दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को तत्काल सहायक उपकरण उपलब्ध कराने अनुरोध किया। इन प्रयासों के फलस्वरूप लंबे समय से सहायक उपकरणों की बाँट जोह रहे जिले के दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है।
कार्यक्रम में केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डाॅ. गहलोत
17 दिसम्बर को दोपहर 1 बजे जल संसाधन परिसर स्थित प्रार्थना भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डाॅ. गहलोत वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से दिल्ली से जुड़ेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद साव करेंगे। विशिष्ट अतिथि नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक शैलेश पाण्डेय, रश्मि आशीष सिंह, डाॅ. कृष्णमूर्ति बांधी, रजनीश सिंह, रेणु जोगी, महापौर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सिंह चौहान होंगे।
इन उपकरणों का होगा वितरण : कार्यक्रम में सांकेतिक तौर पर हितग्राहियों को 10 मोटराईज्ड ट्रायसायकल, 5 ट्रायसायकल, 2 व्हीलचेयर, 3 बैशाखी, 4 श्रवणयंत्र, 2 स्मार्ट फोन, 2 ब्रेल किट, 2 एमआर किट, 2 डीजी प्लेयर, 2 वाकिंग स्टीक, 2 चश्मा का वितरण किया जाएगा, जिसकी कीमत कुल 5 लाख 842 रुपए है। शेष हितग्राहियों को सहायक उपकरणों का वितरण ब्लाक मुख्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर किया जाएगा।
One Comment