Don Abu Salem: डॉन अबू सलेम का साथी उत्तर प्रदेश एसटीएफ की गिरफ्त में
दिल्ली-NCR में करता था वसूली

Don Abu Salem Associate: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए जेल में बंद खतरनाक अपराधी अबू सलेम के करीबी गजेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गजेंद्र पर आरोप है वह दिल्ली NCR में अवैध वसूली करता था, इतना ही नहीं वह अबू सलेम के पैसे भी यहां की प्रॉपर्टी में इन्वेस्ट करता था। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, यूपी स्पेशल टॉस्क फोर्स की ग्रेटर नोएडा यूनिट ने आरोपी गजेंद्र सिंह को सेक्टर 20 से बुधवार रात को गिरफ्तार किया है। टीम की अगुवाई अधिकारी राजकुमार मिश्रा ने की थी। वह शातिर अपराधी खान मुबारक का भी करीबी बताया जा रहा है।
गिरफ्तार किए गए गजेंद्र सिंह पर आरोप है कि वह अबू सलेम की गैंग का डर बताकर पैसे हड़पने के साथ ही अवैध वसूली का काम भी करता था। साल 2014 में उसने दिल्ली के एक बिजनेसमैन से प्रॉपर्टी का सौदा करने के नाम पर 1 करोड़ 80 लाख हड़प लिए थे। जब बिजनेसमैन ने अपने पैसे वापस मांगे तो गजेंद्र सिंह ने खान मुबारक के शूटर्स की मदद से उप पर फायरिंग कराई थी। इस काम के लिए गजेंद्र ने खान मुबारक को 10 लाख रुपए भी दिए थे। इसकी मनी ट्रेल भी मिली है।
जेल में सजा काट रहा अबू सलेम
अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम का कभी करीबी रहा अबू सलेम इस वक्त जेल में सजा काट रहा है। दिल्ली के एक व्यापारी से फिरौती मांगने के मामले में अबू सलेम को 7 साल की सजा सुनाई गई है। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने सलेम को 16 साल पुराने मामले में सजा सुनाई थी।
आजमगढ़ का रहने वाला अबू सलेम पिता की मौत के बाद मैकेनिक का काम करने लगा था। कुछ वक्त बाद वह दिल्ली चला गया और वहां टैक्सी चलाने लगा। फिर मुंबई जाकर टैक्सी चलाई। 1986 में सलेम ने मुंबई के बांद्रा और अंधेरी में ब्रेड डिलीवरी का काम भी किया था। अपराध के क्षेत्र में कदम रखने पर सलेम बहुत तेजी से आगे बढ़ा और वह एक वक्त दाउद का दाहिना हाथ माना जाता था।