गुरु पूर्णिमा के अवसर पर राज्यपाल उइके ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
गुरु पूर्णिमा का पर्व हिंदू धर्म में विशेष महत्व

रायपुर: गुरु पूर्णिमा का पर्व हिंदू धर्म में विशेष महत्व रखता है। ये दिन गुरुओं को समर्पित है। इसी दिन तमाम ग्रंथों की रचना करने वाले महर्षि वेदव्यास का जन्म हुआ था। तभी से उनके सम्मान में आषाढ़ मास की पूर्णिमा को गुरु पूर्णिमा के रूप में मनाया जाता है। इस दिन चंद्र ग्रहण भी लग रहा है। हिंदू धर्म में गुरु को ईश्वर से भी ऊंचा स्थान दिया गया है।
इस अवसर पर राज्यपाल अनुसुईया उइके ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी है। राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा है कि गुरू का किसी भी व्यक्ति के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण स्थान होता है। गुरू अंधकार से निकालकर उजियारे की ओर ले जाता है, उसे मार्गदर्शन देता है। सही और गलत में निर्णय करना सिखाता है। सही अर्थों में उसका दूसरा जन्मदाता होता है।
प्राचीन काल से हमारे देश में गुरू को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। उन्हें साक्षात परब्रम्हा की उपमा दी गई है। इस अवसर पर हमें अपने गुरूजनों को याद करते हुए उनकी दी गई शिक्षा को जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए।