छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान निवार का प्रभाव, कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश
निवार चक्रवात के प्रभाव से राजधानी में दिनभर आसमान में बादल छाए

रायपुर:निवार अति प्रबल तूफान के असर से पूरे प्रदेश में बादल छा गए हैं। प्रदेश में शुक्रवार को हल्की से मध्यम वर्षा हुई है। गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहने से ठिठुरन रही। शाम को लोग चौक- चौराहों पर ठंड से बचने के लिए अलावा का सहारा लेते दिखे। वहीं लोग दिनभर गर्म कपड़े पहनकर कर ठिठुरन से बचते दिखे।
मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि निवार अति प्रबल चक्रवात गुरुवार को उत्तर तमिलनाडु के ऊपर रहा, जो कमजोर पड़कर चक्रवात के रूप में बदल गया। इस चक्रवात के कारण ही दक्षिण से गर्म और नमी युक्त हवा आ रही है, जबकि उत्तर से पश्चिमी हवा आ रही है।
उन्होंने बताया कि निवार चक्रवात कमजोर होकर उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते प्रदेश के सभी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार 28 नवंबर से मौसम सामान्य होगा और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। इसके असर से निश्चित रूप से शनिवार से ठंड बढऩी शुरू हो जाएगी। इससे पहले गुरुवार को राजधानी रायपुर में दिन भर आसमान में बादल छाए रहे और अधिकतम तापमान में कमी व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान तीन डिग्री घटकर 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी होकर 18.4 डिग्री रहा। जगदलपुर और पेंड्रा में हालांकि थोड़ी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री माना में दर्ज किया गया। अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा।