म. प्र. के उमरिया में 13 साल की मासूम को अगवा कर नौ लोगों ने की दरिंदगी
सात गिरफ्तार

उमरिया। मध्य प्रदेश के उमरिया (Umaria) जिले में 13 साल की एक नाबालिग के साथ रूह कंपा देने वाली वारदात हुई है। समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक, नाबालिग को अलग अलग मौकों पर दो बार अगवा कर नौ लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया पीड़िता की मां ने बीते 14 जनवरी को पुलिस में इस वारदात की शिकायत दर्ज कराई है। आरोपियों में से सात को गिरफ्तार कर लिया गया है। राज्य में एक के बाद एक कई सनसनीखेज वारदातें सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने वारदात के सात आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया बाकी पकड़ से बाहर बताए जाते हैं जिनकी जोरशोर से तलाश की जा रही है। समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट में कहा गया है कि बीते चार जनवरी को एक परिचित द्वारा बहलाफुसला कर अगवा कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की को एक सुनसान जगह पर ले जाया गया जहां परिचित व्यक्ति के अलावा छह अन्य लोगों ने नाबालिग के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में नाबालिग पीड़िता को पांच जनवरी को रिहा किया गया।
पीड़िता की मां की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने लड़की को धमकी दी कि यदि उसने इस वारदात के बारे में किसी को कुछ बताया तो गंभीर नतीजे भुगतने होंगे। आरोपियों की धमकी के बाद पीड़िता डर गई जिसके चलते उसने घटना की तुरंत कोई शिकायत नहीं दर्ज कराई। आरोपियों ने पीड़िता को दोबारा 11 जनवरी अगवा किया। पीड़िता के साथ दोबारा पांच लोगों एवं तीन अन्य आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात में दो ट्रक ड्राइवर भी शामिल थे जिनकी पहचान नहीं हो पाई है।