
मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह सरकार के कैबिनेट विस्तार के बाद भाजपा नेताओं ने नाराजगी जताना शुरू कर दिया है। इस कड़ी में सबसे पहला नाम पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय विश्नोई का है। उन्होंने कैबिनेट विस्तार में महाकौशल क्षेत्र की अनदेखी पर नाराजगी जताई। साथ ही, कहा कि अब महाकौशल और विंध्य को खुशामद करते रहना होगा।
यह है पूरा मामला
गौरतलब है कि नए साल के तीसरे दिन यानी तीन जनवरी को मध्यप्रदेश कैबिनेट का विस्तार हुआ। इस दौरान तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। बता दें कि शिवराज कैबिनेट के तीसरे विस्तार में सिलावट और राजपूत को दूसरी बार मंत्री बनाया गया।
कैबिनेट विस्तार पर उठे सवाल
अब शिवराज सरकार के इस फैसले पर उन्हीं की पार्टी के नेताओं ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय विश्नोई ने सोमवार को ट्वीट किया और खुलेआम अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कैबिनेट विस्तार में महाकौशल क्षेत्र के विधायकों की अनदेखी होने की बात कही।
अजय विश्नोई ने लिखी यह बात
बता दें कि अजय विश्नोई ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘महाकौशल अब उड़ नहीं सकता। फड़फड़ा सकता है। मध्य प्रदेश में सरकार का पूर्ण विस्तार हो गया है। ग्वालियर, चंबल, भोपाल, मालवा क्षेत्र का हर दूसरा भाजपा विधायक मंत्री है। सागर, शहडोल संभाग का हर तीसरा भाजपा विधायक मंत्री है। महाकौशल के 13 भाजपा विधायकों में से एक और रीवा संभाग के 18 विधायकों में से एक को राज्य मंत्री बनने का सौभाग्य मिला है। महाकौशल और विंध्य अब फड़फड़ा सकते हैं, उड़ नहीं सकते। महाकौशल और विंध्य को अब खुश रहना होगा। खुशामद करते रहना होगा। बधाई।