विवाहिता खुद को आग लगा रही थी, ससुराल वाले वीडियो बनाते हुए बोले, तेल महंगा है, मत गिराओ
शादी के बाद उसकी बहन को ससुराल वालों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

जयपुर: राजस्थान के झुंझुनूं के गुढ़ागौड़जी थाना इलाके के भोड़की गांव की रहने वाली एक विवाहिता ने खुद को आग लगाकर जान दे दी है। घटना के छह दिन बाद विवाहिता के आत्महत्या का वीडियो वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस के भी रोंगटे खड़े हो गए है।
जानकारी के मुताबिक इस संदर्भ में मृतका के भाई ने जिले के गुढ़ागौड़जी थाने में मुकदमा दर्ज कराकर ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग की है। फतेहपुर रोड पिंक हाउस की गली निवासी पवन टेलर ने बताया कि उसकी बहन मनीषा की शादी दिसंबर 2012 को अनिल कुमार निवासी भोड़की के साथ हुई थी। शादी के बाद उसकी बहन को ससुराल वालों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
तंग आकर उसकी बहन ने 2019 में थाने में रिपोर्ट दी थी। इस पर उन लोगों ने गलती मान ली। परिवार वालों ने राजीनामा करवाया तो मनीषा को वापस ससुराल भेज दिया गया। कुछ दिनों बाद ससुराल वाले फिर प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि 15 नवंबर को ससुराल वालों ने उसकी बहन को जान से मारने की कोशिश की। अखिरकार प्रताड़ना से तंग आकर उसकी बहन ने 20 नवंबर को खुद को आग लगा ली। घटना के बाद उसकी बहन को एसके अस्पताल में लेकर आए और यहां से उसे जयपुर रैफर कर दिया। 22 नवंबर को उसकी मौत हो गई।
मनीषा की मौत के बाद एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह खुद पर तेल डालते हुए बाहर निकलती है। एक पुरुष की आवाज आती है कि जो कहना है कि तेल महंगा बहुत है, खुद पर क्यों डाल रही है? इसके बाद देखते हुए देखते मनीषा माचिस जलाकर खुद को आग लगा लेती है। इसके बाद मौजूद लोग चिल्लाते हैं। उसे पकड़ो। वीडियो में एक बच्चे के रोने की आवाज आती है। वीडियो में आखिरी आवाज किसी व्यक्ति की है, जो कंबल डालने के लिए कह रहा है।
8 साल पहले शादी, दो बच्चे हैं
चार भाई-बहनों में मनीषा तीसरे नंबर की थी। उसके चार साल का लड़का और सात साल का बेटा है। मनीषा के परिवार का कहना है कि उसके दोनों बच्चे दादा-दादी के पास हैं। उन्हें उनकी चिंता सता रही है। मामले में गुढ़ागौड़जी थानाधिकारी देवीसिंह का कहना है कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है। पीड़ित परिवार और नामजद लोगों के बयानों के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
सीओ नवलगढ़ के सुपरविजन में होगी जांच
अब इस मामले का वीडियो सामने आने के बाद झुंझुनूं एसपी जेसी शर्मा ने मामले को लेकर नवलगढ़ सीओ सतपालसिंह को निर्देश दिए है कि वे तुरंत थाने जाकर कैंप करें और मामले की जांच करने के बाद आवश्यक कार्रवाई करें। साथ ही इस मामले की हर एंगल से जांच कर पीड़ितों को न्याय और दोषियों को सजा दिलवाने का काम करें।