निजी एयरलाइंस इंडिगो के मैनेजर की हत्या, इस मामले से एयरपोर्ट कर्मी हैरत में
एक साथ सभी 6 गोली उसके सीने पर उतार दी

पटना:बिहार की राजधानी पटना में एयरपोर्ट से अपने घर के लिए रवाना हुए निजी एयरलाइंस इंडिगो के मैनेजर पर कातिल ने एक साथ सभी 6 गोली उसके सीने पर उतार दी। मौके पर ही एयरपोर्ट मैनेजर की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक शुमार पुनाईचक इलाके में बदमाशों ने एक अपार्टमेंट में घुसकर पटना एयरपोर्ट पर कार्यरत इंडिगो के मैनेजर रुपेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी | प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने उन पर लगातार 6 गोलियां दागी।
बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट मैनेजर के घर आने की खबर बदमाशों को लग चुकी थी। लिहाजा वे कुसुम विलास अपार्टमेंट में पहले ही दाखिल हो गए थे। हालाँकि उन पर किसी को शक नहीं हुआ। उन्होंने रुपेश सिंह पर अपार्टमेंट में घुसने से पहले ही घात लगाकर हमला किया।
अचानक गोलियों की आवाज सुनकर लोगों को हैरत हुई। अपार्टमेंट में हुई गोलीबारी की आवाज पहले तो सबको पटाखे की आवाज लगी। लेकिन जब उनकी निगाहे घटनास्थल की ओर गई तो उन्हें एक शख्स के जमीन पर गिरता – तड़पता नजर आया।
मदद के लिए उसके करीब पहुंचे लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई, क्योंकि रुपेश सिंह दम तोड़ चुके थे। उधर गोली मारकर हत्यारे भी भाग चुके थे। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई | मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने अपार्टमेंट के पास मौजूद लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने पाया कि हमले में ड्राइविंग सीट की साइड विंडो चकनाचूर हो गई थी। मौके पर हर जगह कांच बिखरा पड़ा है | चालक सीट पर बैठे रूपेश सिंह लहू-लुहान नजर आये।
रुपेश सिंह को 6 गोलियां मारी गई थी। इस कारण उनके शरीर के विभिन्न अंगों से काफी खून बह रहा था। लोगों की मदद से रुपेश सिंह को एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। यहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फ़िलहाल हत्यारों का कोई पता नहीं चल पाया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से उनकी खोजबीन की जा रही है।