राहुल गांधी का शिवराज सरकार पर अटैक, कहा- कांग्रेस ने जो कहा सो किया, भाजपा के सिर्फ झूठे वादे
उन्होंने ट्वीट कर प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसान कर्ज माफी को लेकर हमला बोला है

भोपाल: आगामी दिनों में होने वाले उपचुनाव को लेकर प्रदेश के सियासी गलियारों में सरगर्मी चरम पर है। वहीं दूसरी ओर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी जोरों पर है। विपक्ष लगातार सरकार पर किसान कर्ज माफी सहित अलग-अलग मुद्दों पर हमलावर है। इसी कड़ी में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के चुनावी मैदान में एंट्री मारी है।
उन्होंने ट्वीट कर प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसान कर्ज माफी को लेकर हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा है कि कांग्रेस ने जो कहा सो किया, भाजपा के सिर्फ झूठे वादे।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा है कि कांग्रेस- जो कहा, सो किया। भाजपा- सिर्फ़ झूठे वादे। राहुल गांधी ने इस ट्वीट में प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल के बयान का हवाला दिया है।
बता दें कि लगातार पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार पर भाजपा लगातार किसानों की कर्जमाफी नहीं किए जाने को लेकर निशाना साधते आई है। लेकिन प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने विधानसभा में एक प्रश्न का जवाब देते हुए कहा है कि प्रदेश में 51 जिलों में किसान कर्ज माफी हुई है। उन्होंने विधानसभा में बताया कि 27-12-2019 से पहले किसान कर्ज माफी का पहला चरण और 27-12-2019 के बाद किसान कर्ज माफी का दूसरा चरण चलाया गया था।