सालों से नालों में भटक रहा था 6.43 फीट लंबा और 35.5 किलोग्राम का मगरमच्छ
मगरमच्छ को नाले से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी जू में छोड़ने की तैयारी की जा रही

मुंबई: नवी मुंबई के बेलापुर में एक मगरमच्छ देखा गया है, जो सालों से यहां के नालों में भटक रहा था। यह घरों के आसपास बने नालों में घूमता था। हालांकि, इसने कभी किसी को चोट नहीं पहुंचाई।

वन विभाग के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि मगरमच्छ कई सालों से नालों में भटक रहा था। हाल ही इसके कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। इसके साथ ही स्थानीय लोगों ने इस संबंध में विभाग को सूचना दी। लोगों ने सुरक्षा को देखते हुए मगरमच्छ को वहां से हटाने की मांग की थी।
इसके बाद विभाग ने मगरमच्छ को नाले से बाहर निकालने का फैसला लिया। उन्होंने बताया इसे नाले से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी जू में छोड़ने की तैयारी की जा रही है। ठाणे फॉरेस्ट रेंज अधिकारी ने बताया मगरमच्छ 6.43 फीट लंबा और 35.5 किलोग्राम का है।
यह सालों से बेलापुर इलाके के नालों में घूम रहा था। उन्होंने कहा कि इसकी कई तस्वीरें और वीडियो वायरल हुई थी। हालांकि, इसने किसी को भी नुकसान नहीं पहुंचाया है। बता दें बीते रविवार को इसे पकड़ने के लिए नाले में एक जाल बिछाया गया था। इसके बाद मंगलवार को इस रेस्क्यू कर लिया गया।