जो प्रभावी होगा पार्टी उसे मौका देगी : डी. पुरंदेश्वरी
भाजपा को रिचार्ज करने महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी प्रदेश दौरे पर है।

ब्यूरो चीफ : विपुल मिश्रा
बिलासपुर : भाजपा को रिचार्ज करने महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी प्रदेश दौरे पर है। छतीसगढ़ भवन पहुची प्रदेश प्रभारी ने पत्रकारों से बातचीत की और कहा कि आने वाले 3 साल का रोड मैप भाजपा ने तैयार किया है, जिसमें भूपेश सरकार की वादाखिलाफ़ी का जमकर विरोध किया जाएगा।
भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी बिलासपुर पहुंची। यहां छत्तीसगढ़ भवन में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक, सांसद, विधायक सहित अन्य आला नेता इस दौरान यहां मौजूद रहे। मीडिया से चर्चा करते हुए डी पुरंदेश्वरी ने बताया कि, प्रदेश के आने वाले 3 साल का रोड मैप भाजपा ने तैयार किया है, जिसमें भूपेश सरकार के वादाखिलाफ़ी को लेकर भाजपा प्रदेश में प्रभावी प्रतिपक्ष की भूमिका में नजर आएगी।
आगे भूपेश सरकार पर निशाना साधते हुए डी पुरंदेश्वरी ने कहा कि, सरकार को काम करने के लिए 2 साल का समय दिया गया था, लेकिन प्रदेश के जो हालात हैं, किसान आत्महत्या कर रहे हैं, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। भूपेश सरकार, आम जनता, किसान और महिलाओं के हित के खिलाफ काम रही है। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र के वादे को पूरा करना छोड़ दो सालों में कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता को केवल ठगने का काम किया है। आगे उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि, प्रदेश में आने के बाद दो दिन उन्होंने पार्टी के सभी बातों पर फोकस किया है।
नेतृत्व परिवर्तन के सवाल पर
नेतृत्व परिवर्तन के सवाल पर उन्होंने कहा कि, ये पार्टी के भीतर की बात है, इसपर पार्टी के भीतर ही चर्चा होगी। नए चेहरों को आगामी चुनाव में मौका देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि, जो प्रभावी होगा पार्टी उसे मौका देगी। केंद्रीय कृषि बिल के विरोध पर भी डी पुरंदेश्वरी ने कांग्रेस को किसान विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा किसानो के साथ खड़ी है, बिल किसानों के फायदे के लिए है, भाजपा चाहती है किसानों को उनकी उपज की अच्छी कीमत मिले।